जबलपुर : कलेक्ट्रेट कार्यालय स्थित सभा भवन में सोमवार को मध्य प्रदेश साइबर पुलिस द्वारा साइबरसिक्योर 2026 के तहत विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत की मौजूदगी में संपन्न हुए इस प्रशिक्षण में अधिकारियों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक किया गया।
प्रशिक्षण में विशेषज्ञों द्वारा साइबर अपराधों से बचाव के आधुनिक तरीकों और मोबाइल ऐप्स के सुरक्षित उपयोग पर व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते खतरों और उनसे बचने के उपायों के साथ-साथ ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षण के समापन पर साइबर पुलिस द्वारा सभी उपस्थित अधिकारियों को साइबर सुरक्षा की शपथ दिलाई गई, ताकि वे डिजिटल युग में सुरक्षित रह सकें और साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने से बच सकें।
