नहर में डूबे युवक का दूसरे दिन मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

सीधी। जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत यूपी कैनाल नहर में डूबे 19 वर्षीय युवक का शव घटना के दूसरे दिन मोहनिया टनल के पास बरामद होने से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभयलाल पाल 19 वर्ष पिता सत्यसेन पाल ग्राम बड़खरा निवासी 5 जुलाई को अपने साथी शिवम यादव के साथ जूड़ा नाला ममदर नहर की ओर गया था। दोपहर करीब 12 बजे सूचना मिली कि अभयलाल नहर में डूब गया है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा देर शाम तक उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सोमवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली कि मोहनिया टनल के पास सिद्ध बाबा मंदिर से लगी यूपी कैनाल नहर, खोहरा मोहनिया के समीप एक युवक का शव पानी में तैरता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान अभयलाल पाल के रूप में की। बाद में शव को नहर से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग क्रमांक 38/26 धारा 194 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नहर में डूबने से होना प्रतीत हो रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Next Post

विक्षप्त ने पूर्व मंत्री की प्रतिमा की पन्नी फाड़ने का किया प्रयास 

Mon Jul 6 , 2026
सीधी। शहर के पीडब्ल्यूडी रेस्टहाउस के सामने स्थापित पूर्व मंत्री स्व. इंद्रजीत कुमार की प्रतिमा की पन्नी फाडऩे के उद्देश्य से आज एक विक्षिप्त स्थल में पहुंच गया । उसके द्वारा जैसे ही पन्नी फाडऩे का प्रयास शुरू किया गया स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके […]

You May Like