इंदौर:शहर में नगर निगम के मार्केटों में दुकानों का नामांतरण पिछले कई वर्षों से बंद है. इस कारण निगम को करोड़ों रुपए राजस्व का नुकसान हो रहा है. नामांतरण नहीं होने से दुकानदारों को संपत्ति संबंधी कई प्रशासनिक और व्यावसायिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.शहर में नगर निगम के पालिका प्लाजा-1, पालिका प्लाजा-2, महाराजा कॉम्प्लेक्स सहित व्यावसायिक इमारतों में 450 से ज्यादा दुकानें है. उक्त निगम इमारतों में नामांतरण का मामला पिछले करीब साढ़े चार वर्षों से अटका हुआ है. नामांतरण नहीं होने से जहां दुकानदार परेशान है, वहीं नगर निगम भी नामांतरण शुल्क के रूप में मिलने वाले करोड़ों रुपए राजस्व आय का नुकसान हो रहा है.
जानकारी के अनुसार बड़ी संख्या में दुकानदारों ने वर्षों पहले नामांतरण के आवेदन जमा कर दिए थे, लेकिन आज तक उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसको लेकर व्यापारियों में नाराजगी है. उनका कहना है कि दुकान खरीदने या उत्तराधिकार में मिलने के बाद भी रिकॉर्ड में नाम दर्ज नहीं होने से बैंकिंग, लाइसेंस, कर भुगतान और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं में दिक्कतें आ रही हैं. हैरानी की बात यह है कि एक ओर नगर निगम लगातार राजस्व बढ़ाने और आर्थिक संसाधनों की कमी का हवाला देता है. वहीं दूसरी ओर नामांतरण जैसे सीधे राजस्व देने वाले मामलों को वर्षों से लंबित रखा गया है. यदि आवेदनों का समय पर निराकरण हो, तो निगम को अच्छी-खासी आय प्राप्त हो सकती है.
जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे
व्यापारियों का आरोप है कि निगम के जिम्मेदार अधिकारी समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं. उनका कहना है कि कई बार आवेदन,पत्राचार और अधिकारियों से मुलाकात के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है. व्यापारियों की मांग है कि पालिका प्लाजा-1, पालिका प्लाजा-2, महाराजा कॉम्प्लेक्स सहित सभी निगम परिसरों में लंबित नामांतरण प्रकरणों का विशेष अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि वर्षों से लंबित समस्या का समाधान हो सके. नगर निगम को भी राजस्व का लाभ मिल सके.
शासन की रोक
नगर निगम राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने कहा कि नामांतरण पर शासन की रोक है. दुकानें किराए पर दी गई और दुकानदारों को विक्रय का अधिकार नहीं है. नगर निगम को दुकानें वापस जमा करनी होगी. निगम उसके बाद फिर नियमानुसार दुकानें आवंटित करेगा. दुकानदार किराया जमा कर रहे है, किराया जमा नहीं करने पर दुकान सील कर देंगे, लेकिन नामांतरण नहीं कर सकते है
