मुरादाबाद, 20 जुलाई (वार्ता) कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और आम यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने आठ प्रमुख रेलगाड़ियों में अस्थायी रूप से दो-दो अतिरिक्त सामान्य (जनरल) श्रेणी के कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 30 जुलाई से 14 अगस्त तक विभिन्न तिथियों में लागू रहेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने सोमवार को बताया कि सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा करते हैं। यात्रियों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चयनित ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल डिब्बे जोड़े जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 54481, 54482 और 54483 में 30 जुलाई से 13 अगस्त तक दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे, जबकि गाड़ी संख्या 54484 में 31 जुलाई से 14 अगस्त तक यह सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 54464 में 30 जुलाई से 13 अगस्त तक तथा गाड़ी संख्या 54463 में 31 जुलाई से 14 अगस्त तक दो-दो अतिरिक्त जनरल कोच जोड़े जाएंगे। इसके अलावा गाड़ी संख्या 54342 और 54341 में भी 30 जुलाई से 13 अगस्त तक दो-दो अतिरिक्त सामान्य श्रेणी के डिब्बे लगाए जाएंगे।
रेल प्रशासन का कहना है कि अतिरिक्त कोच लगाए जाने से कांवड़ यात्रियों के साथ-साथ नियमित यात्रियों को भी भीड़भाड़ से राहत मिलेगी और यात्रा अधिक सुरक्षित एवं सुगम होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे कांवड़ मेले के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय रेलवे द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस अतिरिक्त सुविधा का लाभ उठाएं तथा सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा में सहयोग करें।
