यात्री वाहनों की बिक्री अक्टूबर में 17.2 प्रतिशत बढ़कर रिकॉर्ड स्तर पर

नयी दिल्ली, 14 नवंबर (वार्ता) वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में नयी पीढ़ी के सुधारों के बाद अक्टूबर में घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की थोक बिक्री 17.2 प्रतिशत बढ़कर 4,60,739 इकाई के नये रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गयी।

यात्री वाहनों में कारों, उपयोगी वाहनों और वैन को शामिल किया जाता है। पिछले साल अक्टूबर में इनकी बिक्री 3,93,238 इकाई रही थी।

दुपहिया और तिपहिया की बिक्री ने भी नया रिकॉर्ड बनाया। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में तिपहिया की बिक्री में सालाना आधार पर 5.9 प्रतिशत और दुपहिया की बिक्री में 2.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। कुल 81,288 तिपहिया और 22,10,727 दुपहिया वाहन बिके।

सियाम के निदेशक राजेश मेनन ने इन आंकड़ों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अक्टूबर में यात्री वाहनों, दुपहिया और तिपहिया की मासिक बिक्री ने नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कहा कि इस रिकॉर्ड बिक्री का मुख्य कारण त्योहारी मांग और जीएसटी की दरों में कटौती है।

दुपहिया में मोटरसाइकिलों की बिक्री में चार प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी और यह 13,35,468 इकाई रह गयी। वहीं स्कूटरों की बिक्री में 14.3 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल रहा और यह 8,24,003 इकाई पर पहुंच गयी।

उल्लेखनीय है कि अक्टूबर में मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स और किआ इंडिया ने बिक्री का नया रिकॉर्ड बनाया है।

 

Next Post

बिहार में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दी बधाई

Fri Nov 14 , 2025
भोपाल: बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बिहारवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति पर जनता की मुहर है। बिहार में […]

You May Like