भोपाल: बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा और एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बिहारवासियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति पर जनता की मुहर है। बिहार में पिछले वर्षों में हुए प्रगति कार्यों, केंद्र की योजनाओं के असर और भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पित प्रयासों ने इस जीत को और मजबूत बनाया है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि बिहार की जनता ने पुनः यह स्पष्ट संदेश दिया है कि वह स्थिर सरकार, विकास के मार्ग और सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश जिस गति से आगे बढ़ रहा है, उसी का प्रतिबिंब बिहार के चुनाव परिणामों में परिलक्षित होता है।
उन्होंने कहा कि जनता का भाजपा एवं एनडीए पर भरोसा बढ़ा है और यही भरोसा इस ऐतिहासिक जीत का आधार बना है।प्रदेश अध्यक्ष ने बिहार के सभी मतदाताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत नए भारत की बदलती सोच और सकारात्मक राजनीति की विजय है।
