इंदौर: मध्यप्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अव्यवस्था और जनविरोधी नीतियों पर भाजपा सरकार कटघरे में है. मुख्यमंत्री पर लगे भूमि आवंटन एवं भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.यह बात कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पत्रकारों से चर्चा में कही. महिला कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष शोभा ओझा ने आज पत्रकारों से चर्चा में कहा कि आरएसएस, भाजपा और विहिप मिलकर चंदा और चढ़ावा चोरी कर रहे हैं. अयोध्या, उज्जैन महाकाल मंदिर सहित देश के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आस्था से खिलवाड़ किया जा रहा है.
जनता इसका जवाब भाजपा से पूछेगी. उन्होंने कहा कि आज नौजवान छात्र छात्राओं द्वारा शिक्षा प्रणाली को लेकर आत्महत्या की जा रही है. नीट और नेट जैसी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे है. पटवारी, पुलिस, नर्सिंग भर्ती के साथ व्यापम घोटाला किया गया. किसानों की बदहाल स्थिति, फसलों के उचित दाम, सिंचाई, मुआवज़े, महिलाओं की सुरक्षा, महंगाई, कानून व्यवस्था तथा प्रदेश में विकास से जुड़े मुद्दों पर सरकार विफल रही है. बेरोजगारी और युवाओं के साथ रोजगार के नाम पर किए जा रहे छल को लेकर ओझा ने सरकार से सवाल किया.
विद्यार्थियों की आवाज उठाने का संकल्प
कांग्रेस नेत्री ओझा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ भूमि आवंटन एवं भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा नैतिक आधार पर इस्तीफे की मांग की. उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान से युवाओं और विद्यार्थियों की आवाज़ उठाने का संकल्प लिया है. पत्रकारों से चर्चा के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, प्रवक्ता संतोष गौतम, अमित चौरसिया, कांग्रेस कौमी एकता एवं सद्भावना प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष सच सलूजा मौजूद थे.
