चंडीगढ़, 04 जुलाई (वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने अभूतपूर्व विकास किया है और प्रदेश भी डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में तेजी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से 66 पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से कार्य जारी है।
उन्होंने कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठे वादे किए, जबकि वर्तमान सरकार अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने खेरी डबडालन गांव में विकास कार्यों और नए ट्यूबवेल के लिए 21-21 लाख रुपये तथा घरोली गांव में जल निकासी व्यवस्था और विकास कार्यों के लिए 21-21 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही सरपंचों को आश्वासन दिया कि गांवों के विकास से जुड़ी सभी मांगें पूरी की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस सेवा निशुल्क की है, किसानों की सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर सुनिश्चित की है तथा पात्र महिलाओं को 500 रुपये में एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक 1,650 करोड़ रुपये महिला लाभार्थियों के खातों में भेजे जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि सुपर-100 कार्यक्रम के तहत इस वर्ष 270 विद्यार्थियों का आईआईटी, एनआईटी और अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में चयन हुआ है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हरियाणा के 60 हजार परिवारों को सौर पैनल लगाने का लाभ मिला है। इस दौरान विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जागरूकता स्टॉल भी लगाए।
