घर में घुसकर तलवारों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला, 5 लोग गंभीर घायल

ग्वालियर। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बदनापुरा इलाके में पटाखे फोड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। यहां रहने वाले एक परिवार ने अपने पड़ोसियों पर घर में घुसकर तलवारों, धारदार हथियारों, सरियों और डंडों से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना में परिवार के कई सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें 5 लोगों को तलवारों से गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है।
बदनपुरा निवासी फरियादी गोपी धनावत ने बताया कि छत पर पटाखे फोड़ने से रोकने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर दिनेश केसिया, नरेंद्र केसिया, इमरान, सिद्धू सहित 10 से 12 अन्य लोग हथियारों से लैस होकर अचानक उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने तलवारों, धारदार हथियारों, सरियों और डंडों से परिवार के लोगों को बुरी तरह घायल कर दिया। हमले में कुछ सदस्यों को गंभीर चोटें आईं और उनकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है और न ही उनके खिलाफ अपेक्षित सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने, सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब सवाल यह है कि घर में घुसकर हथियारों से हमला करने के इस गंभीर मामले में पुलिस कब तक प्रभावी कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को न्याय कब मिलता है?

Next Post

कांगड़ा भाजपा के पूर्व अध्यक्ष हिंदवीर कोहली का निधन, पार्टी नेताओं ने जताया शोक

Mon Nov 16 , 2026
धर्मशाला, (वार्ता) हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और कांगड़ा जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष हिंदवीर कोहली का निधन हो गया है, जिससे पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई है। कोहली धर्मशाला-कांगड़ा-गग्गल क्षेत्र के एक दिग्गज और जमीनी स्तर के भाजपा नेता थे, जिन्होंने भाजपा […]

You May Like