नयी दिल्ली, 05 अप्रैल (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बीते सप्ताह चावल के औसत भाव गिर गये। गेहूं में भी नरमी रही। चीनी और खाद्य तेलों के भाव बढ़ गये जबकि दालों में उतार-चढ़ाव देखा गया। सप्ताह के दौरान चावल की औसत कीमत 27 रुपये टूटकर सप्ताहांत पर 3,825 रुपये प्रति क्विंटल रह गयी। गेहूं 15 रुपये गिरकर 2,784 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा 17 रुपये सस्ता हुआ और 3,279 रुपये प्रति क्विंटल पर रहा। सप्ताह के दौरान तुअर दाल की औसत कीमत 76 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। मूंग दाल भी चार रुपये प्रति क्विंटल महंगी हुई। मसूर दाल में 40 रुपये और चना दाल में 27 रुपये की नरमी रही। उड़द दाल का भाव 11 रुपये प्रति क्विंटल टूट गया।
बीते सप्ताह सोया तेल 223 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। सरसों तेल की कीमत 194 रुपये और पाम ऑयल की 190 रुपये बढ़ गयी। सूरजमुखी तेल का भाव 137 रुपये और मूंगफली तेल का 126 रुपये चढ़ा। वनस्पति भी 121 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। मीठे के बाजार में बीते सप्ताह गुड़ का औसत भाव 14 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गया। चीनी भी सात रुपये महंगी हुई।

