
भोपाल। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या की साजिश से जुड़ी पुख्ता सूचना देने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है. ऐशबाग थाना इलाके में बुजुर्गों के साथ वारदात करने वाले शातिर आरोपी पुलिस की पकड़ से अभी दूर हैं. पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों की अगुवाई में हमलावरों की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग दंपति हेमंत फिलेमोन और शकुंतला बारीक की हत्या के मामले में पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है. हमलावर ने बुजुर्गों का मोबाइल भी मौके से गायब कर दिया था. पुलिस ने कजलीखेड़ा इलाके में उनके दो मोबाइल फोन एक व्यक्ति के पास से बरामद किए हैं. पुलिस ने जिस व्यक्ति से मोबाइल फोन बरामद किए. उसने यह फोन 300 रूपए देकर एक सफाईकर्मी से खरीदा था. सफाईकर्मी ने एक नाले की सफाई के दौरान मोबाइल मिलने की जानकारी पुलिस को दी गई. पुलिस हत्याकांड़ के खुलासे को लेकर लगातार कड़ियां जोड़ रही है. वारदात के करीब एक सप्ताह बाद भी आरोपी अभी भी पकड़े नहीं गए हैं. हमलावरों की पहचान उजागर करने वालों को पुलिस की तरफ से इनामी राशि देने की घोषणा कर दी गई है. इस पूरे मामले की जांच करते हुए पुलिस ने अब तक कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं. इसके साथ ही बुजुर्ग दंपत्तियों के कई रिश्तेदारों और किराएदारों से पुलिस ने पूछताछ की हैं. इसके बावजूद भी आरोपियों की पहचान अभी होना बाकी है.
