
सिरोंज: नगरपालिका परिषद की बैठक में अनोखा दृश्य देखने को मिला। वार्ड 16 के पार्षद प्रतिनिधि तोषमणि पंथी सुरक्षा के मद्देनजर हेलमेट पहनकर बैठक में पहुंचे। उन्होंने कहा कि बैठक में अक्सर सत्ता पक्ष और विपक्ष के पार्षदों के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति बन जाती है, इसलिए उन्होंने सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना जरूरी समझा।बैठक में पार्षदों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। नेता प्रतिपक्ष नदीम खान नहू ने नगरपालिक की कार्यप्रणाली और शहर में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए।
इस दौरान नपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। उन्होंने नगरपालिक की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शहर की सड़के, नालियां और नाले अधूरे पड़े हैं, नामांतरण में देरी हो रही है और बस स्टैंड की दुकाने क्षतिग्रस्त हो रही हैं। धरने में उन्होंने तहसीलदार संजय चौरसिया को ज्ञापन भी सौंपा।
बैठक में तीन प्रस्ताव भी पारित किए गए।
सीएमओ रामप्रकाश साहू ने कहा कि विशेष सम्मेलन में जीएसटी 2.0 रिफॉर्म दरों में कमी के लिए धन्यवाद प्रस्ताव, ‘एक राष्ट्र एक चुनाव’ का प्रस्ताव और आत्मनिर्भर भारत संकल्प का प्रस्ताव पारित हुआ। बैठक के दौरान लोकल फॉर वोकल अभियान के तहत जनता को शासन की योजनाओं की जानकारी भी दी गई।बैठक में नपा अध्यक्ष मनमोहन साहू, उपाध्यक्ष मनोज सांईनाथ और सीएमओ रामप्रकाश साहू उपस्थित रहे।
