2028 ओलंपिक क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया पहला प्रतिस्पर्धी मुकाबला

कैलिफोर्निया,03 जुलाई (वार्ता) लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में क्रिकेट की मेजबानी करने वाले नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड में गुरुवार को पहला प्रतिस्पर्धी मुकाबला खेला गया। मेजर लीग क्रिकेट (एमएलसी) में लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स और वॉशिंगटन फ्रीडम के बीच यह ऐतिहासिक मैच आयोजित हुआ। कैलिफोर्निया के पोमोना में हाल ही में बने इस नाइट राइडर्स क्रिकेट ग्राउंड पर मौजूदा मेजर लीग क्रिकेट सीजन के कुल सात मैच खेले जाएंगे।

यही स्टेडियम लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी करेगा। इस अत्याधुनिक मैदान में आठ मैच विकेट, आईसीसी मानकों के अनुरूप खेल क्षेत्र और 120 फीट ऊंचे छह फ्लडलाइट टावर लगाए गए हैं। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण के दौरान 32,000 मीट्रिक टन से अधिक मिट्टी हटाकर मैदान तैयार किया गया। 128 साल बाद क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी हो रही है। इससे पहले यह खेल पेरिस 1900 ओलंपिक में शामिल हुआ था, जहां ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस के बीच दो दिवसीय मुकाबला खेला गया था, जिसे अब अनौपचारिक टेस्ट मैच के रूप में मान्यता प्राप्त है।

लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक में क्रिकेट टी 20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले 12 से 29 जुलाई 2028 के बीच लॉस एंजेलिस शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर पोमोना स्थित इसी स्टेडियम में आयोजित होंगे। महिला वर्ग में 2028 ओलंपिक की दौड़ पहले ही शुरू हो चुकी है। आईसीसी महिला टी 20 विश्व कप 2026 के जरिए ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड के माध्यम से), भारत और दक्षिण अफ्रीका ओलंपिक कोटा हासिल करने वाली पहली चार नेशनल ओलंपिक कमेटियां बन चुकी हैं।

.....

Next Post

उगली: पहली बारिश में ही टूटी 3.5 करोड़ की सड़क, डेढ़ करोड़ के पुल का काम अधूरा

Fri Jul 3 , 2026
उगली, सिवनी, केवलारी विधानसभा के उगली उप तहसील मुख्यालय से 2 किमी दूर मोहबर्रा से सारसडोल के बीच एक माह पूर्व बनी 3.5 करोड़ की सड़क पहली बारिश में ही टूट गई। दो दिन की मूसलाधार बारिश के बाद 1.5 करोड़ की लागत से बनने वाले 4 मीटर ऊंचे पुल […]

You May Like