
उगली, सिवनी, केवलारी विधानसभा के उगली उप तहसील मुख्यालय से 2 किमी दूर मोहबर्रा से सारसडोल के बीच एक माह पूर्व बनी 3.5 करोड़ की सड़क पहली बारिश में ही टूट गई। दो दिन की मूसलाधार बारिश के बाद 1.5 करोड़ की लागत से बनने वाले 4 मीटर ऊंचे पुल से 200 मीटर पहले खेतों के पानी निकासी की पुलिया के पास सड़क दो हिस्सों में टूट गई।
PWD विभाग ने बालाघाट के लामता निवासी ठेकेदार आशीष जायसवाल से सड़क और पुल का काम कराया था। सड़क तो पूरी हो चुकी है, लेकिन पुल का निर्माण कार्य अभी जारी है। सड़क किनारे पानी निकासी के लिए नाली नहीं बनाई गई।
मोहबर्रा के किसानों के घरों में पानी घुस गया। एक किसान का आरोप है कि तेज बहाव से उसके खेत का तालाब फूट गया और खरीफ की फसल बर्बाद हो गई। किसानों का कहना है कि वैकल्पिक मार्ग के लिए जगह-जगह लगाए गए पाइप मोघों से पानी सीधे खेतों में पहुंच रहा है।
ठेकेदार आशीष जायसवाल का कहना है कि एस्टीमेट में नाली निर्माण स्वीकृत नहीं था। जितना एस्टीमेट मिला, उसी के अनुरूप काम हुआ। पुलिया का काम बरसात बाद होगा। उन्होंने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा है, इसके लिए हम जिम्मेदार नहीं हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से लंबित मांग पर तत्कालीन विधायक की स्वीकृति से बने इस मार्ग की गुणवत्ता पहली बारिश में ही उजागर हो गई।
