पानी चोरों की मौज, शहर की प्यास पर कटौती की गाज

सीहोर। मानसून में बारिश की कमी का हवाला देकर नगर पालिका ने शहर की प्यास पर कैंची चला दी है. अब तक एक दिन छोड़कर होने वाली जलापूर्ति का शेड्यूल बदलकर गुरुवार से दो दिन के अंतराल पर कर दिया गया है. यानी पानी की बर्बादी और चोरी रोकने में नाकाम जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा अब शहर के हजारों परिवारों को उठाना पड़ेगा. नवंबर महीने में ही पानी की किल्लत शुरू हो जाना आने वाली गर्मियों के संकट का साफ संकेत है.

गौरतलब है कि इस वर्ष मानसून के दौरान जिले में औसत से कम बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि जिले की सभी तहसीलों में सर्वाधिक बारिश सीहोर तहसील में हुई थी, जिसके चलते शहर की जलापूर्ति के प्रमुख स्रोत जमोनिया तालाब और भगवानपुरा तालाब सम्मानजनक स्थिति में भर गए थे. ऐसे में यदि बारिश के पानी को गर्मी के लिए सहेजने की पुख्ता व्यवस्था की जाती और तालाबों से हो रही पानी की चोरी पर समय रहते अंकुश लगाया जाता तो नवंबर में ही शहरवासियों को पानी की कटौती का सामना नहीं करना पड़ता. लेकिन जिम्मेदारों की कथित अनदेखी के चलते तालाबों का पानी खेतों तक पहुंचता रहा. किसानों द्वारा रिलाई, बोवनी और सिंचाई के लिए धड़ल्ले से पानी उलीचा जाता रहा. नतीजा यह हुआ कि तालाबों का जलस्तर गिरता चला गया और अब नगर पालिका ने जलापूर्ति का अंतराल बढ़ाकर अपनी जिम्मेदारी निभाने का रास्ता चुन लिया.

शहर में जलसंकट की स्थिति बनने के बाद नगर पालिका ने जलापूर्ति का अंतराल बढ़ा दिया, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि तालाबों और नदियों से हो रही पानी की चोरी रोकने के लिए ठोस कार्रवाई कब होगी. आखिर पानी की कमी का बोझ हर बार आम नागरिक ही क्यों उठाए. एक तरफ शहरवासियों को पानी की एक-एक बूंद बचाने की नसीहत दी जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जलस्रोतों से खुलेआम पानी निकालने वालों पर प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आती. यदि अभी भी प्रशासन और नपा ने तालाबों, स्टापडेम और सीवन नदी से हो रही पानी की निकासी पर सख्ती नहीं दिखाई तो गर्मी के दिनों में शहर को गंभीर जलसंकट का सामना करना पड़ सकता है. उस समय केवल दो दिन के अंतराल से जलप्रदाय करना भी पर्याप्त नहीं होगा.

जमोनिया तालाब से छोड़ा नहर में पानी

नगर में दो दिन छोड़कर जलप्रदाय का शेडयूल जारी करने के एक दिन पहले बुधवार की देर शाम से जमोनिया तालाब का पानी नहर में छोडऩा शुरू कर दिया है. जिम्मेदारों का दावा है कि तालाब की कुल जल संग्रहण क्षमता 11.32 एमसीएम है. इस साल जलस्तर अपने उच्चतम स्तर पर होने के कारण सिंचाई विभाग ने पानी के उपयोग की संतुलित योजना तैयार की है. शहर के कोटा का पानी सुरक्षित रखने और वाष्पीकरण से होने वाले नुकसान का आकलन करने के बाद, शेष 6 से 7 एमसीएम पानी किसानों के लिए नहरों में बहाया जाएगा. तालाब से निकलने वाली लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी नहरों के माध्यम से आसपास के 4 प्रमुख गांवों के खेतों तक पानी पहुंचाया जा रहा है.

एक पखवाड़े में सूख गया टाउनहाल का स्टापडेम

पानी की बर्बादी और चोरी की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भगवानपुरा तालाब के पानी से भरा रहने वाला टाउनहाल क्षेत्र का स्टापडेम महज एक पखवाड़े में पूरी तरह खाली हो गया.रास्ते में आने वाले खेतों के किसानों ने स्टापडेम तक पहुंचने वाले पानी को बीच रास्ते में ही निकाल लिया. इसका असर अब स्टापडेम के आसपास मौजूद जलस्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है. यदि यही स्थिति बनी रही तो आगामी दिनों में क्षेत्र के बोरवेल और कुओं का जलस्तर भी तेजी से नीचे जा सकता है. सवाल यह है कि जब पानी को बीच रास्ते में ही रोक लिया जा रहा था, तब संबंधित विभाग के जिम्मेदार कहां थे.

सीवन नदी पर भी पानी चोरों का कब्जा

शहर की प्राणदायिनी कही जाने वाली सीवन नदी भी पानी की चोरी से अछूती नहीं है. भूतेश्वर और मठ मंदिर क्षेत्र में खुलेआम मोटरें डालकर नदी से पानी निकाला जा रहा है. यह कोई छिपा हुआ मामला नहीं, बल्कि खुलेआम चल रही गतिविधि है. नगर पालिका ने तीन-चार मोटरें पकड़कर कार्रवाई की औपचारिकता तो पूरी कर ली, लेकिन इसके बाद भी पानी की चोरी पर प्रभावी अंकुश नहीं लग सका. नदी का पानी लगातार खाली हो रहा है और जिम्मेदार तमाशबीन बने हुए हैं.

शहर में नहीं आने देंगे पानी की किल्लत

वर्तमान में जमोनिया तालाब, भगवानपुरा और काहिरी बंधान में पर्याप्त पानी है. इसे देखते हुए जमोनिया तालाब से क्षेत्र के चार गांवों को सिंचाई करने के लिए पानी दिया जा रहा है. शेष पानी से शहर की प्यास आगामी गर्मी बीतने तक आसानी से बुझ सकेगी. दो दिन से जलप्रदाय करने का उद्देश्य आगामी दिनों के लिए पानी की उपलब्धता बनाए रखना है.

विजय कोली, सहायक यंत्री एवं जलशाखा प्रभारी, नपा सीहोर

 

 

Next Post

जैन मुनिश्री ने दिग्विजय को दिया आशीर्वाद

Fri Nov 13 , 2026
विशेष संवाददाता भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 19वें दिन गुरुवार को गुना जिले के आरोन से पदयात्रा प्रारंभ हुई। इस दौरान विभिन्न गांवों में यात्रा का स्वागत किया गया और ग्रामीणों ने इसमें उत्साहपूर्वक भागीदारी […]

You May Like