बारिश के बाद जटाशंकर धाम का प्राकृतिक सौंदर्य निखरा

छतरपुर। जिले में लगातार हुई बारिश के बाद बुंदेलखंड के प्रसिद्ध शिवधाम जटाशंकर का नजारा पूरी तरह बदल गया है। पहाड़ियों से उतरते झरने, हरियाली से आच्छादित घाटियां और गोमुख से तेज गति से बहती प्राकृतिक जलधारा ने मंदिर परिसर की सुंदरता को और आकर्षक बना दिया है। बारिश के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं।
छतरपुर से करीब 55 किलोमीटर और बिजावर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित यह प्राचीन शिवधाम घने जंगलों और ऊंची पहाड़ियों के बीच बसा है। तेज बारिश के चलते झरनों का पानी मंदिर परिसर, गुफा और चौक तक पहुंच गया। जलधारा का बहाव बढ़ने से कुछ समय के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई, लेकिन आस्था के आगे यह बाधा भी छोटी साबित हुई।

धार्मिक मान्यता के अनुसार जटाशंकर धाम के गोमुख से पूरे वर्ष प्राकृतिक जलधारा बहती रहती है, जिससे भगवान शिव का निरंतर जलाभिषेक होता है। यहां स्थित तीनों पवित्र कुंड भी वर्षभर जल से भरे रहते हैं। स्थानीय लोगों के बीच यह धाम उस ऐतिहासिक प्रसंग के लिए भी प्रसिद्ध है, जब पूर्व दस्यु मूरत सिंह ने यहीं अपने हथियार समर्पित कर भगवान शिव की भक्ति का मार्ग अपनाया था। जटाशंकर धाम नवविवाहित जोड़ों के पूजन, मुंडन संस्कार और धार्मिक अनुष्ठानों का प्रमुख केंद्र भी है। यहां भगवान भोलेनाथ को मावा से बने कलाकंद का प्रसाद चढ़ाने की परंपरा है। सावन माह की शुरुआत के साथ यहां श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है। स्थानीय अनुमान के अनुसार सावन में प्रतिदिन एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।

.....

Next Post

शेयर बाजारों में लौटी तेजी, ऑटो और आईटी सेक्टर में बिकवाली

Thu Jul 9 , 2026
मुंबई, 09 जुलाई (वार्ता) विदेशों से मिले मिश्रित संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को तेजी देखी गयी। बीएसई का सेंसेक्स 238.22 अंक (0.31 प्रतिशत) चढ़कर 76,741.82 अंक पर पहुंच गया। सूचकांक पूरे दिन हरे निशान में रहा और दोपहर से पहले 823 अंक चढ़ गया था। हालांकि […]

You May Like