केसला क्षेत्र में दो माह से बिजली संकट, ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी

इटारसी। मध्यप्रदेश के ब्लॉक केसला अंतर्गत आने वाले दर्जनों गांवों में पिछले दो महीनों से जारी भीषण बिजली संकट ने ग्रामीणों और किसानों का सब्र तोड़ दिया है। बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग को लेकर हमारा गांव संगठन के बैनर तले ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपा है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि आगामी तीन दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

फसलें चौपट, पढ़ाई प्रभावित

ग्रामीणों का कहना है कि बीते लगभग 60 दिनों से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से अनियमित है। बिजली कटौती का सीधा असर कृषि और शिक्षा पर पड़ रहा है। सिंचाई के अभाव में किसानों की फसलें सूखने की कगार पर हैं, वहीं बोर्ड परीक्षाओं और नियमित पढ़ाई के समय बिजली न मिलने से विद्यार्थियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। बिजली विभाग की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है।

दर्जनों गांव प्रभावित

बिजली संकट से भोबदा, साधपुरा, पिपरिया, सारादेह, कोहदा, लालपानी, रांझी, भातना, चांदकिया, खोहरा, चिचवानी और छितापुरा सहित आसपास के कई गांव प्रभावित हैं। संगठन ने स्पष्ट किया है कि यदि तीन दिन के भीतर बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं की गई, तो समस्त ग्रामीण और किसान बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

साथ ही संगठन ने आगाह किया है कि आंदोलन के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति या अव्यवस्था के लिए शासन और संबंधित विभाग पूरी तरह जिम्मेदार होंगे। ज्ञापन की एक प्रति उपखंड अधिकारी (राजस्व) इटारसी को भी भेजी गई है, ताकि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप हो ।

Next Post

क्यूआर कोड से ठगी करने वाला अंतरराज्यीय फर्जी डॉक्टर गिरोह गिरफ्तार

Fri Jan 2 , 2026
नर्मदापुरम। शहर की देहात थाना पुलिस ने बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को अपनी बातों में फंसाकर ठगने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह को दबोचा है। यह गिरोह खुद को डॉक्टर बताकर लाइलाज बीमारियों को ठीक करने का झांसा देता था और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे ऐंठकर फरार हो जाता […]

You May Like