बहन-बेटियों के साथ बदतमीजी की घटना में एक कांग्रेसी का नाम अवश्य आता है- यादव

बड़वानी, 11 जनवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि बहन-बेटियों के साथ बदतमीजी की घटनाओं के पीछे एक कांग्रेसी का नाम अवश्य आता है।
डॉ यादव ने आज जिले के सेंधवा स्थित कृषि उपज मंडी प्रांगण में दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं एवं करोड़ों के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि पूजन के उपरांत जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि नारी सशक्तिकरण अभियान की ओर जब सरकार बढ़ती है, तो कांग्रेसियों की नींद खराब हो जाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कहते हैं कि इन्हें क्यों बांट रहे हैं, खजाना खाली हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने तो कभी कुछ किया नहीं, हम सम्मान कर रहे हैं, तो इन्हें तकलीफ हो रही है। उन्होंने कहा कि जितनी भी बदतमीजी की घटना बहन-बेटियों के साथ होती है, उनमें एक कांग्रेसी का नाम जरूर आता है।
उन्होंने कल शाजापुर जिले के कालापीपल में लाडली बहना योजना की राशि प्रदान किये जाने की घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार केवल सावन में ही नहीं, हर महीने बहनों के साथ रक्षाबंधन मनाती है। उन्होंने कहा कि नेहरू जी से लेकर इंदिरा जी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी (उन्होंने पप्पू जी कहा) की सरकारें आती रही, लेकिन गरीब गरीब ही रहा और गरीबी हटाने के केवल नारे ही लगते रहे। उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बगैर कहा कि नकली पार्टी वालों से सावधान रहना होगा, जिन्होंने सदैव झूठ बोलने, लूटने और गुमराह करने का ही काम किया है।
उन्होंने आज बड़वानी जिले के सेंधवा एवं निवाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा यदि यह परियोजनाएं 60-70 वर्ष पूर्व आरंभ हो जाती, तो आज आदिवासियों के महल खड़े हो जाते।
उन्होंने सरदार सरोवर परियोजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्प शक्ति का परिणाम बताते हुए कहा कि इसके चलते गुजरात तो आनंद मय हो ही रहा है और अब उसके बैक वाटर से प्रदेश की नहरें लबालब हो जाएगी। उन्होंने कहा कि नर्मदा नदी में स्टीमर भी चलेंगे, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने बताया कि कश्मीर की तरह भविष्य के लिए बदलते मौसम की फसलों के लिए भी यह पानी काम आएगा।
उन्होंने 12 जनवरी विवेकानंद जयंती के अवसर पर ‘युवा दिवस’ और ‘युवा शक्ति मिशन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भविष्य के लिए युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कोई भी अपनी इच्छा से पलायन नहीं करता बुरी परिस्थितियों के चलते ही उसे विभिन्न प्रदेशों में जाना पड़ता है।
उन्होंने भोपाल में 650 से अधिक नियुक्ति पत्र बांटे जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि प्राइवेट एवं सरकारी सेक्टर में एक लाख रोजगार के लिए अलग-अलग आवेदनों के माध्यम से भर्ती कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि पब्लिक सर्विस कमिशन की 3 साल की बाकी की परीक्षाएं एक साथ ही आयोजित कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने 2580.827 करोड़ लागत के 13 विकास कार्य का भूमिपूजन एवं 58.463 करोड़ के 19 कार्यों का लोकार्पण भी किया। सेंधवा माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना 1402.74 करोड़ लागत की है और इससे क्षेत्र के 98 गांव के 44000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इसी तरह 1088.24 करोड़ लागत की निवाली माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से क्षेत्र के 87 गांव के 33000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि आज होली दिवाली और भगोरिया तीनों का आनंद आ गया। उन्होंने क्षेत्र के आदिवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों भीमा नायक एवं टंट्या भील को भी याद किया। उन्होंने कहा कि खरगोन में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय आरंभ कर दिया गया है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, अनुसूचित जनजाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष अंतर सिंह आर्य, लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल व राज्यसभा सांसद सुमेर सिंह सोलंकी भी उपस्थित थे।

Next Post

कांग्रेस की जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान रैली 27 जनवरी को

Sat Jan 11 , 2025
भोपाल, 11 जनवरी (वार्ता) कांग्रेस के ‘जय बापू, जय भीम, जय संविधान’ अभियान के तहत रैली का आयोजन मध्यप्रदेश के इंदौर के पास डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में 27 जनवरी को किया जाएगा, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ पार्टी नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे। कांग्रेस […]

You May Like