सुरक्षा मांगने पहुंचे प्रेमी युगल ने थाने में खाया जहर

सीहोर।जिले के आष्टा ब्लॉक के सिद्दीकगंज थाने में शनिवार रात सुरक्षा की मांग लेकर पहुंचे एक प्रेमी युगल ने कुछ ही देर बाद थाना परिसर में जहरीला पदार्थ खा लिया. घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें रेफर कर दिया गया. युवती ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, वहीं युवक की स्थिति गंभीर बताई जाती है.

पुलिस के अनुसार युवक ने अपना नाम देवेंद्र जोशी निवासी नीलबड़ आष्टा बताया, जबकि युवती ने खुद को वंशिका ठाकुर निवासी तिरला जिला धार बताया. दोनों ने दावा किया कि वे बालिग हैं और सहमति से विवाह कर चुके हैं साथ ही थाने में सुरक्षा की मांग भी की. पुलिस ने जब तिरला थाने से संपर्क किया तो पता चला कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है. परिजनों को सूचना दी गई. इसी बीच युवती थाने के पीछे बने बाथरूम से लौटी और अचानक उल्टियां करने लगी. यह देखकर युवक ने भी जहर खा लिया.

दोनों की हालत बिगड़ते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए. तत्काल दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां से आष्टा सिविल अस्पताल रेफर किया. वहां से दोनों को सीहोर और फिर भोपाल रेफर कर दिया गया. भोपाल में युवती ने दम तोड़ दिया, युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी आकाश अमलकर, नायब तहसीलदार मुकेश सांवले और आष्टा टीआई गिरीश दुबे अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली. सूत्रों के अनुसार युवक नौकरी करता है और दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. घरवालों के कोप से बचने और सुरक्षा के लिए वे थाने पहुंचे थे, लेकिन वहां घटी घटना ने मामले को संवेदनशील बना दिया. एसडीओपी आकाश अमलकर ने बताया कि दोनों के बयान दर्ज किए गए हैं. युवती के परिजन पहले से गुमशुदगी दर्ज करा चुके थे. फिलहाल दोनों को इलाज के लिए भोपाल भेजा गया था जहां युवती ने दम तोड़ दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Next Post

चंदिया में शराब दुकानों के पास धड़ल्ले से चल रहे अवैध अहाते, नागरिकों में रोष

Sun Sep 14 , 2025
उमरिया।जिले के चंदिया नगर में शराब दुकानों के समीप अवैध अहातों का संचालन खुलेआम जारी है। नगर के बीचोंबीच अस्पताल तिराहे के पास और नेशनल हाईवे किनारे स्थित शराब दुकानों के पास लंबे समय से अहाते चल रहे हैं, जहां रोजाना शराबियों की भीड़ जुटती है। स्थानीय नागरिकों का कहना […]

You May Like