मुंबई, 23 दिसंबर (वार्ता) ज़ी सिनेमा पर 27 दिसंबर रात नौ बजे धड़क 2 का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर होगा। फिल्म धड़क 2 में तृप्ति डिमरी और सिद्धांत चतुर्वेदी की मुख्य भूमिका है।सिद्धांत चतुर्वेदी ने कहा, “धड़क 2 भावनाओं की उस दुनिया में चलती है, जहां सब कुछ बहुत इंटेंस और बिल्कुल वास्तविक लगता है। निलेश का किरदार निभाने का मतलब था उन पलों को जीना, जहां वह लगातार अपनी सीमाओं तक धकेला जाता है, और उसे पर्दे पर जीना बेहद प्राकृतिक और पूरी तरह से सच्चा लगा। इस फिल्म की तरफ सबसे ज्यादा खींचने वाली बात इसकी मजबूत लिखावट थी, जहां हर किरदार, चाहे छोटा हो या बड़ा, कहानी को एक मतलब और वजन देता है। दर्शकों से निलेश को जो प्यार और अपनापन मिला है, वह मेरे लिए बहुत खास और दिल को छू लेने वाला है और यही जुड़ाव इस पूरे सफर को और भी यादगार बना देता है। मुझे खुशी है कि ज़ी सिनेमा पर वर्ल्ड टीवी प्रीमियर के ज़रिए यह फिल्म ज्यादा से ज्यादा घरों तक पहुँचेगी और दर्शकों से जुड़ेगी।”
निर्देशक शाज़िया इक़बाल ने कहा,“धड़क 2 ऐसे किरदारों की कहानी है, जो अधूरे हैं, साहसी हैं और पूरी तरह इंसानी हैं।
यह कहानी टकराव, फैसलों और दिलों में उठते उन तूफानों की बात करती है, जिनसे लोग तब गुजरते हैं, जब ज़िंदगी उनकी उम्मीदों के मुताबिक नहीं चलती। तृप्ति और सिद्धांत ने अपने किरदारों को पूरी सच्चाई से निभाया है और सह कलाकारों ने मिलकर एक ऐसी दुनिया रची है, जो जीती-जागती लगती है। मैं इस बात की शुक्रगुजार हूं कि ज़ी सिनेमा इस फिल्म को ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुँचा रहा है, और मुझे उम्मीद है कि दर्शक हर पल के पीछे की गहराई, तीव्रता और सच्चाई को महसूस करेंगे।”

