
शाजापुर।अपने खेत पर बनी कुटिया में सो रहे बुजुर्ग के साथ मारपीट कर मोबाइल, नगदी व मवेशी चुराने वाले पांच में से दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है. बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही लगातार दबिश देकर दी, जिसके बाद पुलिस ने 9 दिनों में सफलता मिली. शनिवार को सीसीटीवी कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी यशपालसिंह राजपूत ने बताया कि 5 जून को फरियादी भगवान सिंह पिता नागु सिंह जाति राजपूत 75 निवासी बज्जाहेड़ा ने शिकायत दर्ज कराई कि 04-05 जून की रात को वह अपने खेत पर मवेशी की सुरक्षा के लिए सो रहे थे. तभी अज्ञात तीन चार बदमाश आए जिनके द्वारा उनके साथ मारपीट कर 14 हजार एवं एक मोबाइल छीन लिया. बदमाशों ने वहां बंधी दो भैंसों की भी चोरी की और भाग गए. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रकरण दर्ज किया और एसपी यशपालसिंह राजपूत के निर्देशन व एएसपी टीएस बघेल, एसडीओपी त्रिलोकचन्द्र पंवार के मार्गदर्शन में बदमाशों की तलाश शुरू की. मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी ईश्वर पिता अमरसिंह गुर्जर निवासी ग्राम बगवाड़ा एवं जगदीश पिता सीताराम गुर्जर निवासी बावलिया खेड़ी को पकड़ा गया. आरोपियों ने पूछताछ में अपने अन्य तीन साथियों निर्भय सिंह उर्फ नब्बू गुर्जर निवासी ग्राम मोया, राजाराम गुर्जर निवासी नाटाखेड़ी, तुुफानसिंह गुर्जर निवासी रामपुरा गुर्जर के साथ मिलकर किसान के साथ डंडे से मारपीट कर वारदात करना स्वीकार किया. पुलिस ने दोनों आरोपियों से दो भैंसे जप्त कर गिरफ्तार किया गया है और आरोपियों को न्यायालय पेश किया गया. पुलिस द्वारा तीन फरार आरोपी निर्भय सिंह, राजाराम गुर्जर व तुफानसिंह गुर्जर की तलाश की जा रही है.
