डंपर की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत

बुधनी। बुधनी थाना क्षेत्र के तालपुरा जोड़ पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया. मिट्टी-पत्थर से भरे डंपर और बाइक की टक्कर में चार वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उसकी मां ने जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. हादसे में घायल पिता का उपचार जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया तथा नगर में भारी वाहनों की आवाजाही पर दोबारा नो-एंट्री लागू करने की मांग तेज हो गई.

पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे बुधनी की ओर से आ रहा मिट्टी-पत्थर से भरा डंपर तालपुरा जोड़ की ओर मुड़ रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही बाइक डंपर से टकरा गई. प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि टक्कर के बाद चालक ने डंपर रिवर्स कर दिया, जिससे बाइक पर सवार चार वर्षीय तनिष्क कीर, पिता मनीष कीर, निवासी ग्राम जाजना, वाहन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

हादसे में बाइक चला रहे मनीष कीर और उनकी पत्नी प्राची गौर गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. दोनों घायलों को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया. उपचार के दौरान प्राची कीर ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या दो हो गई, जबकि परिवार के मुखिया मनीष कीर का उपचार जारी है.

घटना के बाद तालपुरा जोड़ पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए. लोगों ने नागरिकों ने डंपर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. तनिष्क के शव का पीएम बुधनी सिविल अस्पताल में कराया गया. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्राम जाजना के ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए. मां-बेटे की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. एक ही पल में खुशहाल परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.बुधनी एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में चार वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर घायल महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घायल पुरुष का उपचार जारी है. पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है. परिजनों के बयान के आधार पर प्रकरण दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

हादसे के बाद फिर उठी नो- एंट्री करने की मांग

दुर्घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. लोगोंं का कहना है कि नगरीय क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और तेज रफ्तार लगातार हादसों का कारण बन रही है. लोगों ने नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पुन: प्रभावी ढंग से नो-एंट्री लागू करने की मांग की. लोगों ने बताया कि पूर्व में एसडीएम के निर्देश पर बुधनी नगर सीमा में सुबह 9से रात 9 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था. उस दौरान यातायात व्यवस्था काफी हद तक नियंत्रित रही, लेकिन व्यवस्था समाप्त होने के बाद फिर से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई.

Next Post

धान की फसल पर भी देंगे भावांतर योजना का लाभ: सीएम डॉ यादव

Wed Jul 1 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि हमारे हलधर किसान सिर्फ अन्नदाता नहीं, इस धरा के वास्तविक शुभंकर है। वे अपने अथक परिश्रम से पूरे समाज का उदर-पोषण करते हैं। किसानों की खुशहाली ही हमारी सरकार का संकल्प हैं क्योंकि किसान समृद्ध होगा, तभी हमारा प्रदेश और देश […]

You May Like