
इंदौर. शादी का झांसा देकर मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए 28 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय आरोपी को क्राइम ब्रांच ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका आरोपी रूस के मॉस्को में कंस्ट्रक्शन सुपरवाइजर के रूप में काम करता था और लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था. आरोपी दिल्ली से यूरोप भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही उसे पुलिस ने दबोच लिया.
जांच में सामने आया कि नोएडा निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र छोनकर ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर खुद को आर्मी अफसर बताकर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी. इसी प्रोफाइल के जरिए उसकी पहचान इंदौर की एक महिला से हुई और दोनों के बीच विवाह की बातचीत शुरू हुई. विश्वास में लेने के बाद आरोपी ने खुद को गंभीर बीमारी से पीड़ित बताते हुए इलाज के नाम पर वर्ष 2024 में अलग अलग किश्तों में महिला से करीब 28 लाख रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए. रकम मिलने के बाद उसने शादी से साफ इनकार कर दिया, जिस पर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. मामला दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की. इस दौरान पता चला कि आरोपी विदेश में रह रहा है. हाल ही में वह परिवार से मिलने दिल्ली आया था. उसकी लोकेशन मिलने पर क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में यह भी सामने आया कि वह जल्द ही यूरोप रवाना होने की तैयारी में था.
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है. आशंका है कि उसने इसी तरह फर्जी पहचान बनाकर अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बनाया है. मामले में पूछताछ जारी है और अन्य पीड़ितों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. मामले में डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी ने मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर खुद को आर्मी अफसर बताकर फर्जी पहचान बनाई और शादी का झांसा देकर महिला से 28 लाख रुपए ठग लिए. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया है. प्रारंभिक जांच में अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी किए जाने के संकेत मिले हैं. आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड, बैंक खातों और संपर्कों की जांच की जा रही है.
