बालाघाट:रविवार रात हथियारबंद बदमाशों ने सराफा व्यापारी की कनपटी पर बंदूक सटाकर 9 लाख की डकैती की। विरोध करने पर फायरिंग भी की। सिर पर लाठियों से 7-8 बार वार किए। व्यापारी के जमीन पर गिरते ही बदमाश सोने-चांदी के जेवरों से भरे लेकर भाग गए।लांजी पुलिस के मुताबिक, वारदात लांजी-आमगांव मार्ग की है। घायल व्यापारी की पहचान कामना ज्वेलर्स के संचालक कपिल आसटकर के रूप में हुई है। वारदात रविवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उस समय हुई, जब वह रोज की तरह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
पीड़ित कपिल आसटकर ने बताया- वह रोजाना की तरह अपनी सराफा दुकान बंद करने के बाद सोने-चांदी के कीमती जेवर दो थैलों में रखकर बाइक से घर लौट रहे थे। उनकी दुकान पुराने पंचायत दफ्तर के पास स्थित एक कॉम्प्लेक्स में है, जबकि घर वहां से करीब 700 मीटर दूर कलार समाज के मंगल भवन के पास है।जैसे ही वह घर के पास एक मोड़ से गली की ओर मुड़े, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए करीब 8 बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। बदमाशों ने कपिल आसटकर से जेवरों से भरे दोनों थैले छीनने की कोशिश की। थैले देने से इनकार करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
इसके बाद एक बदमाश ने कारोबारी के सिर पर लाठी से लगातार 7 से 8 वार किए। हमले की वजह से कपिल आसटकर अपनी बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। उनके गिरते ही बदमाशों ने सोने-चांदी के जेवरों से भरे दोनों थैले छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश 2 बाइक से आमगांव रोड की ओर फरार हो गए। छीने गए दोनों थैलों में सोने और चांदी के जेवर रखे थे, जिनकी कीमत करीब 9 लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल कपिल आसटकर को तुरंत सिविल अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें गोंदिया रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के समय पूरे इलाके की बिजली गुल थी। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। आसानी से मौके से फरार हो गए।
