
सौसर: छिंदवाड़ा हाईवे पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक कार और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए सौसर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह करीब 10 बजे छिंदवाड़ा मार्ग पर स्थित छात्रावास के पास घटित हुई। हादसे में सौसर निवासी मनोहर भोयर की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार साथी सुखदेव बावने गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
पुलिस कार्रवाई:
घटना की सूचना मिलते ही सौसर पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार सहित उसके चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।
