
कटनी: शहर के रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि वे एक के बाद एक खूनी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामले में, देर शाम काम से घर लौट रहे एक युवक को चार बदमाशों ने रास्ते में घेरकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। रंगनाथ नगर क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के भीतर चाकूबाजी की यह दूसरी बड़ी वारदात है, जिसने पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रास्ते में घेरकर किया ताबड़तोड़ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक अनुराग दुबे उर्फ भूरा जुलहा ‘युवा आस्था प्लाजा’ में काम करता है। रोज की तरह देर शाम जब वह अपना काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे रोक लिया।
घायल अनुराग दुबे ने आरोप लगाया है कि रास्ते में आयुष गर्ग, आंशू बडगैया और उनके दो अन्य साथियों ने उसे अचानक चारों तरफ से घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता या मदद के लिए चिल्लाता, चारों आरोपियों ने उसे दबोच लिया और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से लहूलुहान अनुराग को तत्काल कटनी जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
एक दिन पहले ही इसी थाना क्षेत्र में हुई है हत्या
रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था किस कदर चरमरा गई है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले (रविवार दोपहर) ही पास के मंगलनगर में मामूली कहासुनी में एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी। उस हत्याकांड की स्याही अभी सूखी भी नहीं थी कि अपराधियों ने अगले ही दिन अनुराग दुबे पर जानलेवा हमला कर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। 24 घंटे के भीतर लगातार हुई इन वारदातों से पूरा इलाका दहशत में है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
बैक-टू-बैक हो रही इन खूनी वारदातों ने रंगनाथ नगर थाना पुलिस की पैट्रोलिंग और खुफिया तंत्र की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है और पुलिस का खौफ न के बराबर है, जिसके कारण अपराधी सरेराह चाकू चमका रहे हैं।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रंगनाथ थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुँची। पुलिस ने पीड़ित अनुराग दुबे के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
