
नीमच। जिले में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर में तेज बारिश हुई और कुछ स्थानों पर हल्के ओले भी गिरे। इससे तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जो 35 डिग्री से घटकर 31 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इस बदलाव ने आमजन को गर्मी से राहत दी, लेकिन किसानों के लिए चिंता बढ़ा दी है।
सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे आसमान में बादल छा गए और 1 बजे तक कहीं रिमझिम तो कहीं तेज बारिश हुई। इसके बाद दोपहर 2 बजे एक बार फिर हल्की बारिश शुरू हो गई, जिससे सडक़ों पर वाहनों की गति धीमी पड़ गई।
मौसम हुआ ठंडा
यह मौसमी बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण हुआ है। शनिवार को जहां लोग 35 डिग्री की गर्मी से परेशान थे, वहीं सोमवार की बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी।
यह बारिश ऐसे समय हुई है जब खेतों में रबी की फसलों की कटाई और गहाई का काम चल रहा है। जिन किसानों ने गेहूं, मेथी और अन्य फसलें काटकर खेतों में रखी थीं, वे बारिश में पूरी तरह भीग गईं। इससे उपज की गुणवत्ता खराब होने और नुकसान की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते जिले में पहले ही ‘येलो अलर्ट’ जारी किया था।
विभाग ने तापमान में गिरावट और गर्जना के साथ बारिश का अनुमान जताया था, जो सोमवार को नीमच शहर सहित पूरे अंचल में देखने को मिला। अगले 24 घंटों में भी बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है, जिससे रात के तापमान में भी गिरावट आ सकती है।
