
सिंगरौली । श्री गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए एसपी षियाज केएम ने बैढ़न, विन्ध्यनगर एवं नवानगर क्षेत्र के प्रमुख विसर्जन स्थलों और घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने मौके पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसपी ने विसर्जन मार्ग, घाटों की स्थिति, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, जल सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों को देखा। उन्होंने संवेदनशील एवं अधिक भीड़ वाले घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा विसर्जन केवल निर्धारित स्थलों पर कराने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि गहरे पानी वाले स्थानों पर लोगों को जाने से रोका जाए।
आपातकालीन मार्ग खुले रखे एवं सोशल मीडिया पर रहे नजर
एसपी ने कहा कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा जाए। विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ आपातकालीन मार्ग खुले रखने और अनावश्यक वाहन भीड़ नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए। डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियम एवं समय-सीमा के अनुसार कराने तथा आपत्तिजनक गीत, नारे अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने और अफवाह या भ्रामक सामग्री प्रसारित करने वालों पर कार्रवाई की बात कही गई। निरीक्षण के दौरान विन्ध्यनगर थाना प्रभारी अर्चना द्विवेदी, सूबेदार आशीष तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
