इंदौर: ऑनलाइन टास्क इन्वेस्टमेंट ठगी के बड़े मामले में इंदौर क्राइम ब्रांच ने महाराष्ट्र से गैंग के एक और शातिर सदस्य को पकड़ लिया है. आरोपी सिद्धेश्वर खांडभराड़ निवासी जिला जालना, महाराष्ट्र को छत्रपति संभाजीनगर से गिरफ्तार किया. यह वही गैंग है जिसने इंदौर के एक फरियादी से लगभग 60 लाख रुपए की ऑनलाइन ठगी की थी.फरियादी मोहम्मद हिदायतुल्ला को व्हाट्सऐप संदेश के जरिए टास्क इन्वेस्टमेंट का ऑफर मिला.
आरोपी ने पहले छोटे-छोटे अमाउंट पर मुनाफा दिलवाकर विश्वास जीता और फिर धीरे-धीरे लाखों रुपए निवेश करवाए. सोने-हीरे की ऑनलाइन बिडिंग और बोनस ऑफर का लालच देकर फरियादी से करीब 59.94 लाख रुपए ऐंठ लिए. जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो और अधिक रकम जमा करने का दबाव बनाया. फरियादी ने एनसीआरपी पोर्टल 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी.
जांच में सामने आया कि ठग गैंग देशभर में सक्रिय है और इसके 40 से ज्यादा बैंक खातों में लाखों की राशि जमा कराई जाती रही है. क्राइम ब्रांच ने इन खातों को फ्रीज करा दिया है. इस प्रकरण में फरवरी 2024 में क्राइम ब्रांच ने हरियाणा के हिसार से मंदीप पिता जगबीर को गिरफ्तार किया था. अब गैंग का दूसरा सदस्य सिद्धेश्वर पकड़ा गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में देशभर के सैकड़ों लोगों को इसी तरीके से ठगने की बात सामने आई है, गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है.
पुलिस ने ऐसे दबोचा आरोपी को
गैंग का शातिर सदस्य सिद्धेश्वर महाराष्ट्र में ठिकाना बदलकर छिपा हुआ था. पुलिस की दबिश की भनक लगने पर उसने मोबाइल बंद कर दिया और जालना जिले से 100 किलोमीटर दूर जाकर छिप गया. मुखबिर की सूचना और तकनीकी जानकारी के आधार पर टीम ने करीब छह घंटे तक तलाश की और आखिरकार रांजणगांव, संभाजीनगर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
