जबलपुर: बेलबाग पुलिस ने एक ऐसे शातिर साइबर अपराधी को दबोचा है, जो बिना नंबर की स्कूटी पर घूमकर कई राज्यों में ठगी का जाल फैला रहा था। बेलबाग पुलिस ने चेकिंग के दौरान न्यू कंचनपुर निवासी 31 वर्षीय सौरभ कुमार रजक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 10 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड, 20,000 नगद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसके व्हाट्सएप चैट ने देशव्यापी साइबर फ्रॉड का भंडाफोड़ कर दिया।
जानकारी अनुसार बेलबाग थाना प्रभारी जितेन्द्र पाटकर के नेतृत्व में पुलिस टीम बेलबाग तिराहे पर रूटीन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मेहरून रंग की बिना नंबर की एक्सिस स्कूटी पर आ रहे सौरभ को संदिग्ध जानकर रोका गया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी जेब से एसबीआई, इंडियन ओवरसीज बैंक, यूनियन बैंक, आईडीबीआई और बैंक ऑफ इंडिया सहित 10 अलग-अलग बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद हुए।
रोहित देता था कार्ड, नितिन को डेटा सप्लाई
इतनी बड़ी संख्या में दूसरों के नाम के एटीएम देखकर पुलिस का माथा ठनका। कड़ाई से पूछताछ में आरोपी सौरभ ने खुलासा किया। गोरखपुर का रहने वाला रोहित नाम का एक शख्स हर दिन सौरभ को बदल-बदल कर 5 से 10 नए एटीएम कार्ड लाकर देता था। सौरभ इन खातों और एटीएम की पूरी जानकारी व्हाट्सएप पर नितिन 3333 नाम के एक अज्ञात हैंडलर को भेजता था। जब पुलिस ने सौरभ का मोबाइल खंगाला तो उसमें सैकड़ों बारकोड, आम लोगों के पैन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खातों की डिटेल, सीक्रेट लॉगिन आईडी, पासवर्ड और पासबुक की तस्वीरें मिलीं।
कैश डिपॉजिट मशीन का खेल
गिरोह के इशारे पर सौरभ अलग-अलग फर्जी खातों में कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए पैसे जमा करता था। गिरफ्तारी के वक्त बरामद 20,000 भी वह मशीन से ही ठिकाने लगाने जा रहा था।
तीन राज्यों की पुलिस को थी तलाश
यह गिरोह लोगों को बहला-फुसलाकर या फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक खाते खुलवाता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिन बैंक खातों का इस्तेमाल यह गिरोह कर रहा था, उनके खिलाफ पहले से ही तीन राज्यों में गंभीर शिकायतें दर्ज हैं। गुजरात अहमदाबाद सिटी साइबर पुलिस स्टेशन, राजस्थान चित्तौड़गढ़ साइबर पुलिस, उत्तर प्रदेश मुजफ्फरपुर में भी इन खातों के जरिए ठगी की शिकायतें पाई गई हैं। बेलबाग पुलिस ने मुख्य आरोपी सौरभ रजक, सह-आरोपी रोहित निवासी गोरखपुर और व्हाट्सएप हैंडलर नितिन 3333 के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज कर लिया है। सौरभ को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
