जयपुर, 28 जून (वार्ता) राजस्थान में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के शुभारंभ के बाद पहले दिन रविवार को 59 हजार 217 बूथों पर 61.15 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गयी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अभियान 30 जून तक चलेगा। श्रीमती राठौड़ ने बताया कि राज्य के लगभग 1.04 करोड़ से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है । अभियान के अगले दो दिन तक घर-घर जाकर टीमों के द्वारा बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी ताकि दवा पीने से कोई भी बच्चा वंचित नहीं रहे।
उन्होंने बताया कि पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के लिए 75 हजार 232 टीमें बनाई गई हैं, जो पोलियो की खुराक दे रही है , जिसमें से 7011 ट्रांजिट एवं 9004 मोबाइल टीमें भी है। अभियान के दौरान 1.38 लाख से अधिक स्वास्थ्य कर्मी एवं अन्य विभागों के कार्मिक सक्रिय रूप से भाग ले रहे है ।
श्रीमती राठौड़ ने बताया कि अभियान के पहले दिन सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। अभियान में प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मी, एएनएम, आशा सहयोगिनी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तैनाती की गई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. जोगाराम ने बताया कि अभियान के लिए नियुक्त मोबाइल एवं ट्रांजिट टीम द्वारा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं अन्य आवागमन स्थलों पर आने जाने वाले बच्चों को भी दवा पिलाई जा रही है। अभियान में घुमक्कड़ जनजाति के डेरों, ईंट भट्टों पर काम करने वाले मजदूरों के पांच साल तक बच्चों और दुर्गम क्षेत्रों के बच्चों का भी ध्यान रखा गया है।
