अमरकंटक: जिले की धार्मिक एवं पर्यटन नगरी अमरकंटक स्थित नर्मदा नदी के पुष्कर बांध में डूबे युवक का शव एसडीआरएफ की टीम ने शुक्रवार सुबह बरामद कर लिया। मृतक की पहचान बराती निवासी 45 वर्षीय सुरेश सिंह धुर्वे के रूप में हुई है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार सुरेश सिंह धुर्वे गुरुवार सुबह घर से इंडियन गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर ट्रक खाली कराने के कार्य के लिए निकले थे।
घर से निकलते समय उन्होंने परिजनों से शीघ्र लौटने की बात कही थी। कार्य समाप्त होने के बाद वह नर्मदा नदी के पुष्कर बांध पहुंचे और नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए, जिससे उनकी डूबने से मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुरेश सिंह ने बांध की पटरी से गहरे हिस्से में छलांग लगाई थी। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें ऐसा करने से मना भी किया, लेकिन उन्होंने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। कुछ देर तक बाहर नहीं आने पर लोगों ने शोर मचाते हुए बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। प्लाटून कमांडर राम नरेश भवेदी के नेतृत्व में 7 सदस्यीय टीम, जिसमें भूपेंद्र सिंह, सुनील सिंह, अनुज कुमार, शिवप्रताप सिंह, अधारी सिंह एवं भागवत सिंह शामिल थे, गुरुवार शाम अमरकंटक पहुंची। तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रात में रोकना पड़ा।
शुक्रवार सुबह पुनः सर्च अभियान शुरू किया गया, जिसमें गोताखोरों ने गहरे पानी से शव को बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर सुरेश सिंह डूबे थे, वहां पानी की गहराई लगभग 35 से 40 फीट थी। शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय चिकित्सालय भेज दिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
