खंडवा: खंडवा विधायक कंचन मुकेश तनवे ने जनपद पंचायत खंडवा में समीक्षा बैठक लेकर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। नगर निगम की बैठक में 21 बिंदुओं पर चर्चा के बाद विधायक तनवे ने जनपद पंचायत में 16 प्रमुख बिंदुओं पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग तथा लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। विधायक तनवे ने अधिकारियों से कहा कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी तथा जिन विषयों पर चर्चा हुई है, उनकी 30 दिन बाद प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी।
साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।बैठक में पेयजल व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क निर्माण, खाद्यान्न वितरण एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी, जनपद पंचायत खंडवा की सीईओ एवं भाजपा पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष अनूप पटेल उपस्थित रहे।
