महाकाल मंदिर में कावड़ियों का हंगामा, 7 सुरक्षा कर्मी घायल

उज्जैन। श्रावण मास के अंतिम दिन बुधवार को विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में कांवड़ यात्रियों और सुरक्षा कर्मियों के बीच विवाद के बाद जमकर हंगामा हो गया। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग बैरिकेडिंग पार कर नंदी हॉल में प्रवेश करते दिखाई दे रहे हैं। उन्हें रोक रहे सुरक्षा कर्मियों के साथ मारपीट की जा रही है। मंदिर के 7 सुरक्षा कर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कांवड़ यात्रियों का एक समूह ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से नर्मदा जल लेकर महाकाल मंदिर में जल चढ़ाने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समूह में शामिल कुछ लोग बैरिकेडिंग पार कर नंदी हॉल में जाने का प्रयास कर रहे थे। मंदिर के सहायक प्रशासक और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि कुछ कावड़ियों ने लाठी से सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर दिया। उपद्रव के दौरान नंदी हॉल की बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थात्मक अवरोध क्षतिग्रस्त किए गए। दान पेटियों को भी इधर-उधर किए जाने तथा अनधिकृत रूप से गर्भगृह में प्रवेश के प्रयास का किया गया। मारपीट में सुरक्षा कर्मी अभिषेक, रोहित, सुरेश, विक्रम, जितेंद्र, ममता और निशा घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।

40 उत्पातियों पर एफआईआर, जांच जारी

थाना महाकाल प्रभारी गगन बादल के अनुसार मंदिर समिति की शिकायत पर 40 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मामले में सचिन मराठा नामक व्यक्ति को नामजद आरोपी बनाया गया है, जो कांवड़ यात्रियों को लेकर आया था। पुलिस के अनुसार फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। मंदिर समिति ने घटना को गंभीर मानते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं मंदिर की संपत्ति और व्यवस्थाओं को नुकसान पहुंचाने के साथ हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए भी खतरा हैं। समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और नियमों का पालन करते हुए मंदिर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Next Post

भोपाल में बुजुर्ग दंपति 97 दिन रहे डिजिटल अरेस्ट, गहने गिरवी रखकर ठगों को दिए 22 लाख रुपये

Wed Aug 26 , 2026
भोपाल। राजधानी में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग दंपति को करीब 97 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा गया और उनसे 22 लाख रुपए ठग लिए गए। मामला कोलार इलाके के बीमा कुंज का है। आरोप है कि 19 मई को 65 साल […]

You May Like