सिंगरौली:जनपद पंचायत देवसर के अध्यक्ष प्रणव पाठक ने 27 जून को प्राकृतिक आपदा से प्रभावित ग्राम पंचायत अतरवा, चरकी एवं खधौली का दौरा कर बीती रात आए भीषण आंधी-तूफान और आकाशीय बिजली से हुए नुकसान का मौके पर निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रणव पाठक ने सरपंचों, पंचायत सचिवों और ग्रामीणों से चर्चा कर नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। आकाशीय बिजली गिरने से गाय, बैल और बकरियों की मौत के मामलों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने मौके पर मौजूद पटवारी एवं पशु चिकित्सकों को तत्काल सर्वे कर राजस्व एवं राहत संबंधी आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में शासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। सभी पात्र हितग्राहियों को राहत योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और पीड़ितों तक शीघ्र सहायता पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गांवों में हुए व्यापक नुकसान से जनपद अध्यक्ष को अवगत कराया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी मामलों का त्वरित निराकरण कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत दिलाई जाएगी।
