पटना, 14 नवंबर (वार्ता) भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने कहा है कि इस बार विधानसभा चुनाव के परिणाम बिहार में बढ़ते नारी सशक्तिकरण का प्रतीक हैं और महिलाओं ने इस विजय का तोहफा दे कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया है।
सुश्री पासवान ने यूनीवार्ता से बातचीत करते हुए कहा कि बीस वर्ष पहले मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार में महिला सशक्तिकरण का संकल्प लिया था, जिसमे बाद 2015 से उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ मिला। उन्होंने कहा कि दो दशकों में महिलाओं को आगे लाने के लिए प्रदेश में बहुत काम हुए। बालिकाओं को साइकिल और पोशाक दे कर स्कूल भेजा गया। उन्हें स्थानीय निकायों के साथ सरकारी नौकरियों में आरक्षण दिया गया। उन्होने कहा कि आज देश के किसी भी राज्य के मुकाबले बिहार में सर्वाधिक महिला पुलिस फोर्स है। उन्होंने कहा कि बिहार में जीविका समूह की स्थापना नीतीश सरकार का मास्टर स्ट्रोक था। आज महिलाएं आगे बढ़ कर उद्यमी बन रही हैं और रोजगार के अवसर ढूंढ रही हैं। उन्होंने कहा कि दस हजार रुपये भेज कर और एक करोड़ चालीस लाख महिलाओं के सपने जगा कर एनडीए सरकार ने अनोखी पहल की है जिसके परिणाम दुरगामी होंगे।
भाजपा की नेता ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं ने इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री श्री कुमार और प्रधानमंत्री श्री मोदी का शुक्रिया अदा किया है।
सुश्री पासवान ने कहा कि एक समय था जब पढ़ना लिखना तो दूर इसी प्रदेश में लोगों का घर से निकलना मुहाल था। बिहार में आज महिलाएं जिंदगी के हर क्षेत्र में पुरुषों से कदम ताल कर रही हैं और मतदान के मामले में तो उन्होंने पुरूषों को कोसो दूर छोड़ दिया है।
भाजपा की नेता ने कहा कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत सुशासन, विकास, भविष्य के सपनों, महिला सशक्तिकरण और विकसित बिहार की तरफ बढ़ते कदम की जीत है।
