सीहोर। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा कि नगर के अंबेडकर उपवन में भारत रत्न की भव्य प्रतिमा बहुत जल्द स्थापित की जाएगी. यह केवल एक प्रतिमा स्थापना नहीं, बल्कि बाबा साहेब के विचारों, संघर्षों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है. नपाध्यक्ष श्री राठौर ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन समाज के वंचित, शोषित और गरीब वर्ग के अधिकारों के लिए समर्पित किया. उन्होंने देश को ऐसा संविधान दिया जिसने हर वर्ग को समान अधिकार और सम्मान के साथ जीने का अधिकार प्रदान किया. आज देश जिस लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है, उसमें बाबा साहेब का योगदान अतुलनीय है. उन्होंने कहा कि प्रतिमा स्थापना का कार्य तेजी से कराया जा रहा है. शीघ्र ही भव्य अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नगर के गणमान्य नागरिक, सामाजिक संगठन एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे. नपा नगर के विकास के साथ-साथ महापुरुषों के सम्मान और उनकी विचारधारा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है.
