
झाबुआ। बुधवार दोपहर जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू के वार्ड में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। इस वार्ड में नवाजात शिशुओं का उपचार किया जाता है। जिस समय आग लगी उस समय वार्ड में 31 बच्चे भर्ती थे। वार्ड में जैसे ही आग की लपटे दिखी स्टॉफ ने सिक्युरिटी गार्ड को आवाज लगाई, वैसे ही गार्ड ने अग्निशमन यंत्र से आग बुझाना शुरू किया। आग बुझाने में स्टॉफ ने भी मदद की। बाद में नवजात शिशुओं को तुरंत एकीकृत उपचार केंद्र में शिफट किया गया। एसएनसीयू प्रभारी डॉ. आईएस चौहान ने बताया की आग पर काबु पा लिया गया है। सभी बच्चे सुरक्षित है। बच्चों को उपचार के लिए दूसरे कक्ष में शिफ्ट कर उपचार शुरू कर दिया गया है। किसी को भी कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटना के बाद बच्चों के परिजन चिंतित दिखाई दिये। अनेक बच्चों के परिजनों का कहना था कि जिला अस्पताल में कभी छत का प्लास्टर गिर रहा है, तो कभी आग की घटना घटित हो रही है। इन कमियों को जल्द दूर करना होगा ताकि कोई अनहोनी नहीं हो।
