आष्टा। शनिवार को आयोजित नेशनल लोक अदालत के दौरान नपा द्वारा विशेष वसूली कैंप लगाया गया. जिसमें निकाय ने जलकर, संपत्तिकर और समेकित कर के रूप में लाखों रुपए की बकाया राशि वसूल की.
कैंप का विधिवत शुभारंभ नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा, सीएमओ विनोद कुमार प्रजापति की उपस्थिति में किया गया. इस अवसर पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि रायसिंह मेवाड़ा ने करदाताओं से कहा कि नगर का विकास सीधे तौर पर नागरिकों द्वारा जमा किए गए करों पर निर्भर करता है. निकाय द्वारा प्रदान की जाने वाली मूलभूत सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए समय पर कर जमा करना आवश्यक है. यदि नागरिक हर माह नियमित रूप से कर का भुगतान करेंगे, तो उन पर आर्थिक भार भी नहीं बढ़ेगा और शहर का विकास भी तेजी से हो सकेगा.
सीएमओ विनोद कुमार प्रजापति ने बताया कि इस बार वसूली के लिए विशेष रणनीति अपनाई गई थी. प्रचार-प्रसार कर अपील के साथ-साथ नपा की टीम ने घर-घर जाकर संपर्क किया और मुनादी के जरिए नागरिकों को जागरूक किया. लोक अदालत के माध्यम से संपत्ति कर 1 लाख 20 हजार 635 रुपए, जलकर 1 लाख 98 हजार 831 रूपये इस प्रकार कुल 3 लाख 19 हजार 466 रुपए की बकाया राशि जमा हुई.
