सतना: सरभंगा मुनि आश्रम स्थित वृद्धा आश्रम परिसर में बुधवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक टाइगर परिसर के भीतर चहलकदमी करता हुआ नजर आया। यह पूरी घटना आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसे देखते हुए वन विभाग द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाने के साथ लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह दी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 9 बजे वनराज टाइगर आश्रम परिसर में बेखौफ घूमता हुआ दिखाई दिया। सीसीटीवी फुटेज में टाइगर को आश्रम के रास्तों पर टहलते हुए स्पष्ट देखा जा सकता है।
गनीमत रही कि इस दौरान किसी भी वृद्ध या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया। विभागीय अमला मौके पर पहुंचा और आसपास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों और आश्रम प्रबंधन को रात के समय सतर्क रहने, अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने की सलाह दी है।
पहले भी रही है गतिविधि
बताया जा रहा है कि आसपास के जंगल क्षेत्र से निकलकर टाइगर रिहायशी इलाके की ओर आ गया। इससे पहले भी क्षेत्र में वन्य जीवों की गतिविधियां सामने आ चुकी हैं, लेकिन वृद्धा आश्रम जैसे संवेदनशील स्थान पर टाइगर की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वन विभाग द्वारा टाइगर की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है।
