निवास: कुरकुरे के बंडलों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब जब्त, दो गिरफ्तार

निवास/मंडला: थाना निवास पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए कुरकुरे के बंडलों के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की खेप पकड़ी है। पुलिस ने कुल 39 पेटी अंग्रेजी शराब समेत पिकअप वाहन को जब्त किया है। साथ ही दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन जबलपुर से निवास होते हुए डिण्डौरी की ओर जा रहा है, जिसमें कुरकुरे के बंडलों के नीचे शराब छुपाकर ले जाई जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी वर्षा पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर ग्राम खड़देवरी, भीखमपुर तिराहा पर घेराबंदी की गई।

जैसे ही संदिग्ध पिकअप (MP52ZB5707) वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी में कुरकुरे बंडलों के नीचे से कुल 39 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इनमें 15 पेटी एम.डी. रम (129.6 लीटर) और 24 पेटी जिनियस ट्रिपल एक्स रम (216 लीटर) शामिल रही। जब्त शराब की कुल मात्रा 345.6 लीटर है, जिसकी बाजार कीमत करीब ₹2 लाख 77 हजार आँकी गई है। वहीं पिकअप वाहन की कीमत करीब ₹10 लाख बताई गई है।पुलिस ने मौके से गगन बनवासी पिता समारू बनवासी (34 वर्ष) एवं सुकाली बनवासी पिता जवाहर बनवासी (25 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम देवरा, थाना डिण्डौरी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पुलिस शराब के स्रोत और नेटवर्क का भी पता लगा रही है।
लगातार हो रही कार्रवाई
गौरतलब है कि निवास थाना पुलिस ने करीब 15 दिन पहले भी इसी तरह की कार्रवाई में 90 लीटर अंग्रेजी शराब और वाहन जब्त किया था। मंडला पुलिस अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्ती बरत रही है और आमजन से अपील भी कर रही है कि यदि ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी हो तो पुलिस को तुरंत सूचना दें।

Next Post

मंडला जिले में सबसे ज्यादा बारिश, जलवायु परिवर्तन से बदला मौसम का मिजाज

Sun Jul 13 , 2025
मंडला: मंडला में भारी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस बार कम समय में रिकॉर्ड बारिश हुई है, जिसने मंडला जिले को सबसे ज्यादा प्रभावित किया है। जिले में अब तक 65.8 इंच बारिश दर्ज की गई है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। वहीं सिवनी […]

You May Like

मनोरंजन