जबलपुर:जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत अभिषेक गहलोत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पश्चातवर्ती गृह में 18 वर्ष से अधिक आयु के बच्चों को निजी संस्थाओं के सहयोग से रोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने मिशन वात्सल्य अंतर्गत गैर संस्थागत देखभाल में दिए गए बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य की फॉलोअप जिम्मेदारी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सौंपने के निर्देश दिए।
साथ ही बाल देखरेख संस्थाओं में निवासरत बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं खाद्यान्न पर्ची जैसे आवश्यक दस्तावेज शीघ्र बनवाने को कहा गया। बैठक में भिक्षावृत्ति रोकथाम अभियान को निरंतर गंभीरता से चलाने, सड़क पर रहने वाले बच्चों के लिए आवश्यक व्यवस्था करने, शासकीय संप्रेक्षण गृह में होमगार्ड सैनिकों की तैनाती, पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के बच्चों से नियमित संवाद तथा पॉक्सो एक्ट, फास्टर केयर योजना एवं दत्तक ग्रहण योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।सीईओ ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चों को रखने वाली सभी संस्थाएं बच्चों की सुरक्षा के साथ आवश्यक मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संपन्न हुई इस बैठक में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति के अध्यक्ष, सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
