
रतलाम। आखिरकार शनिवार को मानसून ने रतलाम जिले में दस्तक दे दी। करीब आधे घंटे तक हुई तेज बारिश ने जहां भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं शहर की व्यवस्थाओं की भी हकीकत सामने ला दी। पहली ही तेज बारिश में कई निचले इलाकों और सडक़ों पर पानी भर गया, जबकि होमगार्ड कॉलोनी स्थित अंडरब्रिज जलमग्न हो गया। लोगों को पानी के बीच से होकर आवाजाही करनी पड़ी।
शनिवार सुबह से तेज उमस ने लोगों को परेशान कर रखा था। दोपहर करीब एक बजे अचानक मौसम बदला और काले घने बादलों के साथ तेज गर्जना शुरू हुई।
इसके बाद हुई मूसलधार बारिश से कुछ ही मिनटों में शहर की सडक़ें पानी से भर गईं। बारिश इतनी तेज थी कि कुछ समय तक दृश्यता भी काफी कम हो गई।
सबसे ज्यादा परेशानी होमगार्ड कॉलोनी के अंडरब्रिज में हुई, जहां पानी भर जाने से वाहन चालकों और राहगीरों को जोखिम उठाकर निकलना पड़ा। पहली ही बारिश में जलनिकासी व्यवस्था चरमराने से नगर निगम और जिला प्रशासन की मानसून पूर्व तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए।
बारिश थमने के बाद कुछ देर तक आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर करीब दो बजे तेज धूप निकलने से उमस और बढ़ गई। शाम करीब चार बजे एक बार फिर मौसम ने करवट ली और बादलों ने सूरज को ढक लिया, जिससे बारिश की संभावना बनी रही। अब किसानों की नजर आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी है। यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो खरीफ फसलों की बोवनी में तेजी आने की उम्मीद है, वहीं शहर में जलभराव की समस्या से निपटना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगा।
