
जबलपुर। कुंडम कुंडेश्वर धाम में शनिवार दोपहर तीन बजे तेज तूफान ने तबाही मचाई। महज कुछ ही मिनटों की आंधी में कई आशियाने उजड़ गए और व्यापारिक नुकसान हुआ। पेड़ एवं बिजली पोल गिर गया । इसके साथ टीन शेड भी उड़े। जानकारी के अनुसार आंधी का सबसे ज्यादा असर पशु चिकित्सा विभाग के पास देखने को मिला। यहाँ लगा एक भारी-भरकम पेड़ तेज हवाओं के कारण एक आवासीय मकान पर जा गिरा। इसके अलावा दुकानों और घरों के ऊपर लगे भारी टीनशेड तिनके की तरह उड़ गए। एक दुकान का टीनशेड उडक़र सीधे बीएसएनएल विभाग के परिसर के अंदर जा घुसा। वहीं, फुलकी का ठेला भी हवा के झोंके से पलट गया। तूफान का तांडव यहीं नहीं रुका। कई दुकानों के टीनशेड हवा में सैकड़ों फीट दूर उडक़र किसी के खेतों में तो किसी के घरों की छतों पर जा गिरे। इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए यहाँ-वहाँ भागने लगे। आंधी के कारण एक भारी विद्युत पोल भी उखडक़र जमीन पर आ गिरा। गनीमत रही कि पोल गिरते समय नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस अचानक आई प्राकृतिक आपदा से पूरे कुंडम क्षेत्र में दहशत का माहौल है। हालांकि किसी प्रकार की जन हानि नहीं हुई है।
