
भोपाल। मिसरोद इलाके में एक प्रेमी ने अपनी प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ होटल में मिलने पर मारपीट कर दी. आरोप है कि गुस्साए प्रेमी और उसके परिजनों ने प्रेमिका को अपने घर पर बंधक भी बनाया. प्रेमिका की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक अवधपुरी इलाके में रहने वाली 24 वर्षीय युवती अपने प्रेमी के साथ करीब 10 साल से रिश्ते में रही. कुछ दिन पहले युवती का परिचय दूसरे युवक से हो गया. बुधवार को दूसरे युवक से मिलने के लिए युवती मिसरोद इलाके में एक होटल में मिलने के लिए पहुंची. इसकी जानकारी युवती के प्रेमी को हो गई. आरोप है कि युवती का प्रेमी अपने परिवार के लोगों के साथ उस होटल पर पहुंचा और दोनों के साथ जमकर मारपीट कर दी.
युवती ने पुलिस को बताया कि उसके प्रेमी ने होटल में मारपीट के बाद उसे जबरन कार में भी बैठाया. आरोपी प्रेमी इसके बाद उसे अपने साथ अपने घर बरखेड़ा पठानी ले गया और वहां भी युवती से मारपीट की. युवती को उसके प्रेमी ने इसके बाद छोड़ दिया. युवती थाने पुहंची और मामले की शिकायत कर दी. पुलिस ने मामले में चार आरोपियों शुभम, अमित, शैलेष और नेहा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. मिसरोद थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है.
