मुंबई, 27 जून (वार्ता) भोजपुरी अभिनेता डॉ. महेश कुमार और अभिनेत्री यामिनी सिंह अभिनीत भोजपुरी फिल्म ‘भोज’ का ट्रेलर वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज कर दिया गया है। सेफसी अंचन ग्रुप के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता डॉ. एस. वी. अंचन और प्रभावती पटने हैं। फिल्म की कहानी देश के प्रख्यात लेखक डॉ. अतुल पटने ने लिखी है, जबकि पटकथा और संवाद अनिल विश्वकर्मा ने तैयार किए हैं। फिल्म का निर्देशन चंदन सिंह ने किया है, जबकि क्रिएटिव डायरेक्टर के रूप में धीरू यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
फिल्म में डॉ. महेश कुमार और यामिनी सिंह के अलावा अवधेश मिश्रा, राम सुजान सिंह, महेश आचार्य, समर्थ चतुर्वेदी, तमन्ना मौर्य, सुबोध सेठ और मनोज द्विवेदी सहित कई कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत अमन श्लोक ने दिया है, जबकि गीत स्वर्गीय राजेश मिश्रा, अनिल विश्वकर्मा, अनूप मिश्रा और शेखर मधुर ने लिखे हैं।
फिल्म के ट्रेलर के साथ इसके सामाजिक संदेश की भी चर्चा हो रही है। प्रचार अभियान के तहत भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने के समर्थन में दर्शकों से मिस्ड कॉल के माध्यम से अभियान से जुड़ने की अपील की गई है। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के प्रबंध निदेशक रत्नाकर कुमार ने कहा कि ‘भोज’ केवल एक मनोरंजक फिल्म नहीं, बल्कि भोजपुरी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की दिशा में जन-जागरूकता का माध्यम भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह फिल्म दर्शकों को बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देने के साथ-साथ सामाजिक संदेश भी देगी।

