
उज्जैन/घट्टिया। सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक की हत्या के मामले में पुलिस को परिवार के सदस्यों पर शंका है जिसके चलते भतीजे से पूछताछ की जा रही है। संभावना है कि पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर सकती है।
घट्टिया थाना क्षेत्र के बस स्टैंड स्थित कैनरा बैंक के पास सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक गजराजसिंह पिता किशोर तोमर 70 वर्ष की रविवार सुबह खून से सनी लाश घर में मिली थी। घटनास्थल पर चाकू भी पड़ा था। मृतक के सीने पर चाकू के घाव थे। प्रारंभिक जांच में ही मामला हत्या का होना सामने आया था। घर में मौजूद वृद्ध पत्नी शिवाकुंवर कुमार से जानकारी ली गई। इस दौरान सामने आया कि जमीन को लेकर पारिवारिक विवाद से चला आ रहा है। लेकिन हत्या किसने की है किसकी जानकारी नहीं है। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ते हुए जमीन विवाद की जानकारी एकत्रित की ओर मृतक के दो भाइयों के पुत्रों को पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। दोनों से पूछताछ जारी है फिलहाल आज सुबह तक मामला स्पष्ट नहीं हो पाया था। लेकिन संभावना जताई जा रही थी कि जल्द ही पुलिस हत्या में शामिल आरोपियों का खुलासा कर हत्या की वजह बता सकती है। थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि मामले में सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है घटनास्थल के आसपास की मोबाइल लोकेशन को भी ट्रेस किया जा रहा है। कातिल जल्द पकड़े जाएंगे।
