नयी दिल्ली 25 अप्रैल (वार्ता) चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के मुख्य चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट पर राज्य पुलिस के छह अधिकारियों को निलंबित कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक करवाई करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने इन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई रिपोर्ट भी तालाब की है। आयोग के सचिव ने इस संबंध में बंगाल के मुख्य सचिव को दो पत्र भेजे हैं। 23 अप्रैल को लिखे गए एक पत्र में हिंगलगंज थाने के थाना प्रभारी संदीप सरकार को निलंबित कर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। उन पर भेदभाव और स्थानीय तत्वों से साठगांठ करने तथा सबको बराबरी का अवसर देने में विफल रहने का आरोप है।
आयोग ने श्री सरकार की जगह थाने में दूसरा प्रभारी नियुक्त किए जाने को भी कहा है। आयोग ने इसी तरह डायमंड हार्बर जिला क्षेत्र के पांच अधिकारियों के खिलाफ भी चुनाव के दौर में ड्यूटी के नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में निलंबन और अनुशासनात्मक कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं। इन अधिकारियों में डायमंड हार्बर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप गराई, उप पुलिस अधीक्षक सजल मंडल, डायमंड हार्बर थाने के प्रभारी मौसम चक्रवर्ती, फाल्टा थाने के प्रभारी अजय बाग और उस्ती पुलिस थाने की प्रभारी शुभेच्छा बाग शामिल हैं।

