
छतरपुर। जिला अस्पताल स्थित विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (SNCU) ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच नवजात मृत्यु दर घटकर 6.92 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो बीते वर्षों की तुलना में सबसे कम है।
आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के बीच नवजात मृत्यु दर 9.1 प्रतिशत थी, जबकि अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के दौरान यह 10.7 प्रतिशत दर्ज की गई थी। इस प्रकार लगातार सुधार के प्रयासों से वर्तमान वर्ष में मृत्यु दर में महत्वपूर्ण गिरावट आई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह सफलता अस्पताल में उपलब्ध बेहतर उपचार सुविधाओं, प्रशिक्षित एवं समर्पित स्टाफ की सतत निगरानी, समय पर इलाज तथा आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के प्रभावी उपयोग के कारण संभव हो सकी है। साथ ही नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल और प्रोटोकॉल के पालन ने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है।
यह उपलब्धि न केवल अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार को दर्शाती है, बल्कि जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक बदलाव का संकेत देती है।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने इस उपलब्धि पर जिला अस्पताल प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है और भविष्य में भी इसी तरह बेहतर सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे जाएंगे।
