जबलपुर: मदनमहल निवासी एक शादीशुदा महिला डांसर ने युवक को पहले हुस्न के जाल में फंसाया और इसके बाद युवक को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 20 लाख वसूलने की कोशिश कर रही थी, जिसका सौदा बाद में 7 लाख में तय हुआ। कोतवाली पुलिस ने हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग मामले में जाल बिछाकर एक होटल से महिला डांसर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए महिला के पास से 2.5 लाख नकद बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पूजा रैदास मूलत: उमरिया की रहने वाली है। शादीशुदा पूजा का अपने पति से विवाद चल रहा था, जिसके बाद वह मदनमहल इलाके में अलग रहने लगी और एक होटल में डांसर के तौर पर काम करने लगी। इसी दौरान उसने ग्वारीघाट निवासी एक युवक को अपने प्रेम जाल में फंसाया। दोनों के बीच संबंध बनने के बाद महिला ने युवक को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने युवक पर 20 लाख देने का दबाव बनाया और धमकी दी कि अगर पैसे नहीं मिले, तो वह उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में झूठी एफआईआर दर्ज करा देगी।
बदनामी का डर दिखाकर घर पर किया हंगामा
युवक जब महिला की मांग पूरी नहीं कर पाया, तो आरोपी महिला ने उसे मानसिक रूप से प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। वह पीडि़त युवक के ग्वारीघाट स्थित घर पर भी पहुंच गई और वहां जमकर हंगामा किया। महिला का मकसद समाज में युवक को बदनाम करना था, ताकि वह बदनामी और लोक-लाज के डर से पैसे देने के लिए तैयार हो जाए। इस ड्रामे के बाद आखिरकार मामला 7 लाख में तय हुआ।
पुलिस का जाल और रंगे हाथों गिरफ्तारी
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीडि़त युवक ने कोतवाली थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस एक्टिव हुई। रविवार को इस रकम के लेन-देन के लिए एक होटल में डील तय की गई थी। कोतवाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से दमोह नाका गोपाल सदन के पास होटल परिसर में घेराबंदी कर दी। जैसे ही युवक ने आरोपी महिला को तय सौदा के तहत रकम सौंपी, पहले से मौजूद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर महिला को रंगे हाथों दबोच लिया। जब महिला के बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से करीब ढाई लाख रुपये नकद बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।
बड़े गिरोह की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अब इस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। कोतवाली पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस हनीट्रैप के खेल में पूजा रैदास अकेली थी या उसके साथ कोई संगठित गिरोह काम कर रहा था। इसके अलावा, पुलिस उस होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच कर रही है, जहां यह डील हो रही थी, ताकि यह साफ हो सके कि इस जगह का इस्तेमाल कब से ऐसी अवैध गतिविधियों के लिए किया जा रहा था और इसमें कौन -कौन शामिल है।
